डूंगला। कस्बे के समीप गरावला में श्री राम पब्लिक स्कूल का शुभारंभ शनिवार को सहकारिता मंत्री गौतम दक ने मोलीबंध खोलकर किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने दीप प्रज्वलित कर और मोलीबंध खोलकर स्कूल का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंत्री दक ने कहा कि नवीन आधुनिक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और अवसरों का संचार करेगा। उन्होंने विद्यालय के संचालकों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास निश्चित रूप से क्षेत्र की शिक्षा प्रगति में अहम योगदान देगा।

इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक विनोद शर्मा ने कहा कि हमारा उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारवान और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। स्कूल में स्मार्ट क्लास, आधुनिक लैब और खेलकूद की विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान पूर्व प्रधान मुकेश खटीक, पूर्व उपप्रधान रणजीत सिंह, रामचंद्र जोशी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा, बड़ी सादड़ी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष तुलसीराम शर्मा, जैनदिवाकर संगठन समिति युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश मेहता सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।









