जिले की पांच पंचायत समितियों में 68.52 प्रतिशत मतदान, शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की

चित्तौड़गढ़। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत चित्तौड़गढ़ जिले की पांचों पंचायत समितियों में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले में कुल 68.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सतत निगरानी रखते हुए शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए।

जिला प्रशासन एवं पुलिस के बीच समन्वय, अधिकारियों की सक्रियता तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति प्रशासनिक प्रतिबद्धता के चलते जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

*पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत*

पंचायत समिति के अनुसार भदेसर में सर्वाधिक 71.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। भूपालसागर में 70.00 प्रतिशत, चित्तौड़गढ़ में 69.32 प्रतिशत, कपासन में 67.62 प्रतिशत तथा राशमी में 62.90 प्रतिशत मतदान हुआ। इस प्रकार भदेसर मतदान प्रतिशत के मामले में जिले में पहले स्थान पर रहा, जबकि राशमी में सबसे कम मतदान दर्ज किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें