डूंगला। सिरोही जिले मे मादक पदार्थों की तस्करी मे वांछित तीन हजार रुपये के ईनामी आरोपी को जिले की डूंगला थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सिरोही जिले के एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध अफीम व डोडाचुरा तस्करी के प्रकरण मे दो साल से फरार हो वांछित चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस रेंज उदयपुर द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत फरार एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाधिकारी डूंगला शैतान सिंह मय जाप्ता द्वारा दो साल से फरार चल रहे ईनामी अभियुक्त दिनेश कुमार पिता नक्षत्रमल जाति गुर्जर निवासी बडवई थाना डॅूगला जिला चित्तौडगढ को डिटेन करने में सफलता प्राप्त की गई है । जानकारी के अनुसार उक्त अभियुक्त थाना पिण्डवाडा जिला सिरोही के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण मे अवैध अफीम व डोडाचुरा तस्करी के मामले में दो साल से फरार चल रहा था। आरोपी अपनी सकुनत से फरार होकर पहचान छुपाते हुए लगातार स्थान बदलकर रह रहा था। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार दिनेश गुर्जर अपने गांव आया हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शैतान सिंह पु. नि. थानाधिकारी थाना डूंगला के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई और आरोपी को उसके गांव से डिटेन कर थाना पिण्डवाडा को सूचित कर सिपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण, विष्णु कुमार, जयप्रकाश, शामिल रहे उल्लेखनीय है कि आरोपी दिनेश गुर्जर की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक जिला सिरोही द्वारा 3000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत निकटतम पुलिस थाना कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।









