बड़ीसादड़ी। श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान के तत्वाधान में निकाली जाने वाली प्रत्येक रविवार रामधुन के क्रम में 223 वी रामधुन प्रातः 6.45 बजे आनंदधाम श्रीरामद्वारा चौक से प्रारंभ होकर रतन दास जी वैष्णव के निवास स्थान पर पहुंची। रामधुन का कृष्णा नगर स्थित महादेव जी एवं हनुमान जी मंदिर समिति एवं वैष्णव परिवार की ओर से सभी इष्ट मित्रों एवं मोहल्ले वासियों की उपस्थिति मे पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।

सामूहिक विजय मंत्र एवं हनुमान चालीसा के पाठ के पश्चात लड्डू गोपाल जी की आरती की गई। आरती के पश्चात आयोजित धर्म सभा में बालाजी संस्थान की ओर से परिवार में सनातन जीवन मूल्यों का संरक्षण एवं संवर्धन विषय पर चर्चा की गई। चर्चा में वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि आज समाज के समक्ष अनेक सामाजिक समस्याएं उत्पन्न हो रही है ।युवा पीढ़ी अपने जीवन मूल्यो को भूलकर गलत मार्ग पर बढ़ रही है ,अतः भारत की सनातन संस्कृति से पोषित जीवन मूल्यों की शिक्षा दीक्षा युवा पीढ़ी के लिए नितांत आवश्यक है ।इसी भाव को लेकर बालाजी संस्थान की ओर से हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गणबौर चारभुजा जी एवं सभी जाति समाज के घरों में विराजमान लड्डू गोपाल जी की भव्य शोभायात्रा ,पदरावणी, धर्म सभा एवं स्नेह भोज का आयोजन किया जा रहा है ।इस आयोजन के निमित्त प्रथम चरण में बड़ी सादड़ी नगर के सभी जाति समाज के घरों में संपर्क किया गया और 850 से अधिक परिवारों को सूचीबद्ध किया गया। द्वितीय चरण में अलग-अलग टोलिया बनाकर घर-घर जाकर लड्डू गोपाल जी को पीले चावल एवं निमंत्रण पत्र देकर निमंत्रित किया जा रहा है ।बालाजी संस्थान की ओर से संपूर्ण समाज से आह्वान किया गया है कि चारभुजा जी और लड्डू गोपाल जी की भव्य शोभायात्रा में सभी सपरिवार ईष्ट मित्रों सहित पधारे।









