सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों का डिकॉय ऑपरेशन, 6 मनचले गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़,। जिला पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह द्वारा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर शनिवार शाम को कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में तैनात कर विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने डिकॉय करते हुए मनचलों की गतिविधियों पर नजर रखी तथा उनकी पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कुल 6 मनचलों को गिरफ्तार किया।
डिकॉय ऑपरेशन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने सादे वस्त्रों में क्षेत्र में पहुंचकर डिकॉय किया तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने, फब्तियां कसने एवं अनावश्यक रूप से पीछा करने वाले युवकों की पहचान की। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संदिग्ध युवकों की पहचान किए जाने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 6 मनचलों को गिरफ्तार किया।
डिकॉय ऑपरेशन को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर के नेतृत्व में एएसआई सत्यनारायण एवं कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला पुलिसकर्मियों को तीन सेक्टरों में विभाजित किया गया। महिला पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में डिकॉय के लिए तैनात किया गया, जबकि पुलिस जाप्ते को उनके पास ही कुछ दूरी पर तैनात रखा गया। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मनचलों की पहचान कर पुलिस टीम को सूचना दी जाती, जिस पर पुलिस जाप्ता तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करता। ऑपरेशन के दौरान चामटी खेड़ा चौराहा, भगत सिंह पार्क, कुकड़ा रिसोर्ट भोईखेड़ा रोड, पुराना पेट्रोल पंप जेल के पास, रेलवे स्टेशन, 10 नंबर गली पुरानी आबादी सेंती एवं कपासन चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर डिकॉय ऑपरेशन किया गया।
जिला पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के डिकॉय ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे। सार्वजनिक स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष मौजूदगी रहेगी तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों एवं मनचलों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें