आज ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर होगी जनसुनवाई

उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई 9 अप्रैल को अटल जन सेवा शिविर में
चित्तौड़गढ़। प्रमुख शासन सचिव, जन अभियोग निराकरण के निर्देशानुसार जिले की समस्त ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर 2 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
सहायक निदेशक लोक सेवाएं रामचंद्र खटीक ने बताया कि मुख्य सचिव द्वारा जिले के उपखण्ड बेगूं की ग्राम पंचायत दोलतपुरा, कपासन की ग्राम पंचायत रोलिया तथा राशमी की ग्राम पंचायत डिंडोली में आयोजित ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वी.सी.) के माध्यम से भाग लिया जाएगा। इन पंचायतों में उपखण्ड अधिकारी स्वयं की अध्यक्षता में जनसुनवाई करेंगे। अन्य सभी ग्राम पंचायतों में पूर्ववत ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई 9 अप्रैल को
इसी क्रम में 9 अप्रैल को उपखण्ड स्तर पर अटल जन सेवा शिविर का आयोजन प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:30 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत स्तरीय जनसुनवाई एवं उपखण्ड स्तरीय अटल जन सेवा शिविर में अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही परिवादियों के बैठने तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दोनों जनसुनवाई के दौरान प्राप्त परिवादों को तीन दिवस के भीतर राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज (अपलोड) किया जाना भी सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Comment