224 वी रामधुन का टांक परिवार के द्वारा भव्य स्वागत

बड़ीसादड़ी। श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान के तत्वाधान में निकाली जाने वाली प्रत्येक रविवार रामधुन के क्रम में 224 वी रामधुन प्रातः 6.45 बजे रामद्वारा से प्रारंभ होकर ब्रह्मपुरी चारभुजा जी मंदिर ,कानोड़ दरवाजा, बागरिया बस्ती से होते हुए बिनायका रोड स्थित रमेश टांक के निवास स्थान पर पहुंची। रामधुन का टांक परिवार द्वारा अपने ईष्टमित्रों सहित आतिशबाजी करके एवं भव्य पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। रामधुन का श्री एक लिंगेश्वर महादेव मंदिर समिति द्वारा भी पुष्प वर्षा स्वागत किया गया।

रामधुन में उपस्थित सभी भक्त जनों ने सामूहिक रूप से विजय मंत्र एवं हनुमान चालीसा का पाठ किया एवं धर्म सभा का आयोजन किया गया। धर्म सभा में टांक परिवार के द्वारा पूज्य संत श्री अनंत राम जी महाराज का स्वागत अभिवादन किया गया। धर्म सभा को संबोधित करते हुए अनंत राम जी महाराज ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र और धर्म के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। हनुमान जयंती के दिन आयोजित गढबोर चारभुजा जी एवं लड्डू गोपाल जी की भव्य शोभायात्रा, पदरावणी, धर्म सभा और स्नेह भोज का उल्लेख करते हुए अनंत राम जी महाराज ने कहा कि देश ,धर्म और समाज के हित में आयोजित कार्यक्रमों में हम सभी को अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए, क्योंकि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। संत श्री ने इस अनूठे आयोजन के लिए सभी नगर वासियों को शुभाशीष प्रेषित किया।

बालाजी संस्थान की ओर से राजेंद्र विजयवर्गीय आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार से रामधुन समाज के सहयोग से ही अनवरत चल रही है ,उसी प्रकार से लड्डू गोपाल जी को समर्पित आयोजन भी समाज के सहयोग, विश्वास एवं संतों के मार्गदर्शन के कारण ही सफल रहा है। श्री एकलिंगेश्वर महादेव समिति की ओर से भगवत सिंह खोडियाखेड़ा ने कहा कि समाज में धर्म जागरण और समरसता की दृष्टि से इस प्रकार के प्रकल्प एवं आयोजन नितांत आवश्यक और उपयोगी है। रमेश टांक ने रामधुन में पधारे सभी भक्तजनों का आभार व्यक्त किया। अंत में सभी को प्रसाद का वितरण किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें