पेंशनर्स के अनुभव हमारी प्रेरणा, गलतियों पर कान खींचकर हमें सही दिशा दें- सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक

डूंगला। राजस्थान पेंशनर समाज उप-शाखा डूंगला का 22वां वार्षिक अधिवेशन रविवार को एलवा माता मंदिर परिसर स्थित जैन दिवाकर तपोवन भवन में संपन्न हुआ।


मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री एवं क्षेत्र के विधायक गौतम दक थे। अध्यक्षता पेंशनर समाज के जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दशोरा ने की।

सहकारिता मंत्री दक ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि इस अधिवेशन में आए सभी पेंशनर्स के अनुभवों से हमें सीखने की बहुत जरूरत है। मैं आपसे आग्रह करता हूँ कि आप अपने अनुभवों के आधार पर हमारी गलतियों पर कान खींचकर हमें रोकें। अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझें और उन्हें हम तक पहुंचाएं। हम हर समस्या के समाधान के लिए पूर्ण प्रयास करेंगे। साथ ही कहा कि पेंशनर समाज में जो पदाधिकारी एवं सदस्य हैं वह सभी विभागों का अनुभव रखते हैं उस अनुभव का समाज को लाभ मिले। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स समाज को राह दिखाने वाला संगठन है तथा समाज को हर सामाजिक गतिविधि का ध्यान रखते हुए समाज को दिशा प्रदान करने में सहयोग करना होगा।


जिलाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दशोरा ने मंत्री दक का स्वागत करते हुए कहा कि गौतम दक जिले के पहले ऐसे मंत्री हैं जिन्होंने पेंशनर समाज को कार्यालय निर्माण के लिए भूमि आवंटित कर पट्टा सौंपने का कार्य किया है। हमारी पूरी कार्यकारिणी की ओर से हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।


साथ ही उन्होंने आरजीएचएस की दवाइयों की उपलब्धता में आने वाली समस्याओं का समाधान तथा लंबित मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की।
इस दौरान मंत्री गौतम कुमार दक ने पेंशनर समाज के भवन निर्माण के लिए पांच लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने पेंशनर समाज की कार्यकारिणी को कार्यालय निर्माण के लिए पट्टा भी सौंप दिया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष पूरणमल अहीर, पूर्व प्रधान मुकेश खटीक, सरपंच प्रतिनिधि लाल सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।
पेंशनर समाज उपशाखा अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण खंडेलवाल द्वारा मंत्री दक सहित अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि ओम प्रकाश उपाध्याय, भोजन के लाभार्थी केसुराम मेनारिया, लेखाकार अनिल मील सहित सभी उप शाखों के पदाधिकारी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अधिवेशन में पेंशनर समाज की गतिविधियों के बारे में चर्चा के साथ ही 80 वर्ष से अधिक उम्र के पेंशनर्स का सम्मान किया गया। कोषाध्यक्ष मदनलाल नलवाया ने वर्ष भर के आय व्यय का दौरा प्रस्तुत किया तथा मंत्री दुर्गा शंकर शर्मा ने वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश उपाध्याय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भैरू शंकर व्यास, जिला मंत्री गिरिराज प्रसाद शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष यशवंत दशोरा, कार्यालय मंत्री मनोहर लाल सोनी, रमेश चंद्र दशोरा, जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार दशोरा, प्रदीप दीक्षित, सत्यनारायण भट्ट सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में इस वर्ष दिवंगत हुए पेंशनर्स को दो मिनट का मोन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

Leave a Comment