बड़ीसादड़ी। श्री सिद्ध पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान बड़ी सादड़ी द्वारा हनुमान जयंती के पावन अवसर पर गढबोर चारभुजा जी एवं लड्डू गोपाल जी की भव्य पदरावणी का आयोजन किया गया । कार्यक्रम के अंतर्गत बड़ी सादड़ी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के 45 जाति समाज के लगभग 1000 परिवारों में विराजमान लड्डू गोपाल जी को इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण दिया गया।

दोपहर 2:00 बजे नगर पालिका परिसर से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे गर्मी को देखते हुए नंगे पाव चल रहे भक्तों के लिए पानी के छिड़काव की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा में सबसे आगे ढोल चल रहे थे। ढोल के पीछे बुलेट धारी युवा केसरिया साफा पहन कर चल रहे थे। बुलेट के पीछे बैंड मधुर भजनों की धुन बजाते हुए चल रहा था। बैंड के पीछे 151 कलश लेकर मातृशक्ति चल रही थी ।कलश यात्रा के पीछे गढबोर चारभुजा जी का सुसज्जित रथ चल रहा था। रथ के साथ गणबोर चारभुजा जी के मुख्य पुजारी जी सहित 21 अन्य पुजारी चल रहे थे। चारभुजा जी के रथ के पीछे डीजे की धुन पर लड्डू गोपाल जी को लेकर बड़ी संख्या में भक्तजन सपरिवार चल रहे थे। शोभायात्रा के अंत में मातृशक्ति वाहन रैली के रूप में चल रही थी। शोभायात्रा में डॉक्टर सेंट्रल एकेडमी विद्यालय के बच्चे श्री राम, हनुमान जी आदि देवताओं का दिव्य रूप लेकर चल रहे थे । शोभा यात्रा का भाजपा नगर मंडल, कांग्रेस नगर मंडल, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, आलोक स्कूल संस्थान, किराणा व्यापार संघ, औदिच्य समाज, माहेश्वरी समाज सहित संपूर्ण बड़ी सादड़ी द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

पंचमुखी बालाजी मंदिर पहुंचने पर श्री चारभुजा जी और सभी लड्डू गोपाल जी की पदरावणी की गई तथा भोग अर्पित किया गया। पंचमुखी बालाजी मंदिर परिसर में विशाल धर्म सभा का आयोजन किया गया। धर्म सभा में पूज्य संत श्री अनंत राम जी महाराज, पूज्य संत श्री सुदर्शनाचार्य जी महाराज ,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधि के नाते रमेश पुष्करणा, समाजसेवी देवी सिंह तंवर, भागीरथी सालवी एवं चारभुजा जी के प्रधान पुजारी मंच पर उपस्थित रहे। वक्ताओं ने धर्म सभा में कहा की पंचमुखी बालाजी सेवा संस्थान सेवा, समरसता, संस्कार व जागरण के आधार पर एक संगत- एक पंगत- एक रंगत के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रहा है। सनातन धर्म की रक्षा के लिए मातृशक्ति को जागृत एवं सशक्त बनना पड़ेगा। धर्म सभा के अंत में सभी लड्डू गोपाल जी की एवं चारभुजा जी की भव्य आरती की गई ।

आरती के दौरान राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी, हनुमान सिंह बोहेड़ा, पूर्व पालिका अध्यक्ष विनोद कंठालिया, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्यार चंद सेन, वनवासी कल्याण परिषद के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश मेनारिया सहित भाजपा व कांग्रेस नगर मंडल, ग्रामीण मंडल, पार्षद गण, पदाधिकारी ,बालाजी संस्थान के भामाशाह, समाज के प्रबुद्ध जन एवं विभिन्न जाति समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बालाजी संस्थान के विभिन्न कार्यों का परिचय गोपाल सिंह चरपोटिया ने करवाया। राजेंद्र विजयवर्गीय ने आभार व्यक्त किया तथा संचालन अभिषेक सोनी ने किया। महाआरथी के पश्चात सभी भक्तजनों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई। लगभग 5000 लोगों ने बालाजी के दरबार में महाप्रसादी का लाभ लिया।









