डूंगला। जिला कलक्टर मंजू चौधरी, जिला स्वीप प्रभारी विनय पाठक एवं उपखंड अधिकारी ईश्वरलाल खटीक के निर्देशन में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम कस्बे के स्वतंत्रता सेनानी नंद कुमार त्रिवेदी राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आयोजित किया गया।

प्रारंभ में उपखंड अधिकारी ईश्वरलाल खटीक ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर उपखंड अधिकारी ने बिना किसी लोभ लालच, बिना किसी जाति, धर्म, लिंग के भेदभाव के निर्भीक होकर मतदान का आह्वान किया तथा दिव्यांग मतदाताओं के शत प्रतिशत मतदान के लिए की गई विशेष व्यवस्थाओं पर जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक स्वीप टीम के पारस कुमार टेलर ने किया तथा गीत मारा हाथा में वोटर कार्ड रे के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के लिए प्रेरित किया। स्वीप जिला सहायक प्रभारी कमलेश सहलोत ने मतदान के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों द्वारा नव मतदाताओं का ऊपरना पहना कर सम्मान किया गया। उपस्थित विद्यार्थियों ने इस अवसर पर शत प्रतिशत मतदान कराने का संकल्प लिया। साथ ही उपखंड अधिकारी द्वारा मतदान की शपथ दिलाई गई। इसके बाद एक मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई जिसे उपखंड अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विकास अधिकारी दुर्गा प्रसाद कुमावत ने समस्त विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र मेनारिया, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार धाकड़, सहायक विकास अधिकारी संजय वैष्णव, नरेश डाबरिया, प्रधानाचार्य पूजा जैन सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद थे।









