चित्तौड़गढ़। जिले में नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत अध्यक्ष पद के निर्वाचन की प्रक्रिया सोमवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुई। जिले की सातों नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के परिणाम घोषित किए गए। इनमें पांच निकायों में भाजपा तथा दो निकायों में कांग्रेस के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। निंबाहेड़ा नगर परिषद में अध्यक्ष पद का निर्वाचन पूर्व में ही निर्विरोध सम्पन्न हो चुका था, जबकि सोमवार को शेष छह नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया सम्पन्न हुई।

निंबाहेड़ा नगर परिषद में श्रीमती शिल्पा भूतड़ा निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में अनिल ईनाणी भाजपा प्रत्याशी के रूप में कुल 60 में से 36 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुए। बड़ीसादड़ी नगरपालिका में ममता कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में 25 में से 13 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। कपासन नगरपालिका में सरोज देवी भाजपा प्रत्याशी के रूप में 25 में से 16 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। रावतभाटा नगरपालिका में अनुसुइया नागर भाजपा प्रत्याशी के रूप में 40 में से 22 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। बेगूं नगरपालिका में गरिमा शर्मा भाजपा प्रत्याशी के रूप में 35 में से 24 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। वहीं, आकोला नगरपालिका में प्रकाश चंद्र कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में 20 में से 13 मत प्राप्त कर अध्यक्ष निर्वाचित हुए।









