जिला कलक्टर ने पायरी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की रात्रि चौपाल, इससे पहले किये निरीक्षण 

चित्तौड़गढ़। जिले की सुदूर स्थित बड़ीसादड़ी पंचायत समिति की पायरी ग्राम पंचायत में गुरुवार रात्रि जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय भवन की मरम्मत हेतु शिक्षा विभाग को डीएमएफटी से प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। पेयजल हैंडपंपों की मरम्मत के लिए विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया। खेल मैदान, विद्युत केबल बदलने एवं विद्युत खंभे बदलने संबंधी समस्याओं पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को गांव में जाकर समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने चौपाल में सीसी सड़क निर्माण, आधार कार्ड में नाम संशोधन, एनिकट निर्माण, भारत गैस सप्लाई शुरू करवाने, आवासीय एवं घर के पट्टे बनाने, हैंडपंप लगवाने, जन्म प्रमाण पत्र में नाम परिवर्तन, क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी भवन की मरम्मत, लालपुरा में पुलिया निर्माण तथा पायरी में पशुओं के पेयजल हेतु ट्यूबवेल की मांग रखी। इस पर जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। पेयजल समस्या के संबंध में उपखंड अधिकारी को जांच कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

चौपाल के दौरान प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के तहत दाखी बाई एवं लखमी सिंह को आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई। वहीं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालक गट्टू देवी एवं लक्ष्मी बाई को बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं। उन्नत कृषक लाल सिंह को मशरूम की खेती के लिए लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में एलईडी मोबाइल वैन एवं कला जत्था के कलाकारों ने स्थानीय भाषा में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा, तहसीलदार पंकज कुमार, विकास अधिकारी लक्ष्मण मीणा, पंचायत प्रशासक सनु बाई, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

जिला कलक्टर ने बड़ीसादड़ी उपखंड कार्यालय एवं तहसील के साथ निकुंभ उप तहसील, थाना का किया निरीक्षण

रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, ई-फाइलिंग एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र के निकुम्भ उप तहसील कार्यालय, निकुम्भ थाना, बड़ीसादड़ी तहसील कार्यालय एवं
उपखंड कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने निकुम्भ उप तहसील कार्यालय में रिकॉर्ड रूम, स्थापना शाखा सहित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने समस्त कार्य ई-फाइलिंग प्रणाली के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए तथा कार्यालय में आ रही दरार को मरम्मत कराने एवं परिसर में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने निकुम्भ थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान मालखाना, रिकॉर्ड रूम, सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था एवं मेस का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय उपखंड अधिकारी प्रवीण मीणा एवं थाना अधिकारी रामसिंह उपस्थित रहे।

जिला कलक्टर ने बड़ीसादड़ी तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, सभी कार्य ई-फाइलिंग के माध्यम से करने तथा संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार को स्वयं की एसएसओ आईडी के माध्यम से कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही जनआधार, मूल निवास एवं जाति प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदनों, फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य प्रकरणों की समीक्षा की। भवन की मरम्मत संबंधी आवश्यक कार्य शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कोर्ट केस से संबंधित 5 से 10 वर्ष पुराने प्रकरणों की फाइलों का भी अवलोकन किया गया।
इसके बाद जिला कलक्टर ने बड़ीसादड़ी उपखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, ई-फाइलिंग व्यवस्था एवं संपर्क पोर्टल पर लंबित मामलों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा, तहसीलदार पंकज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें