चित्तौड़गढ़ में निशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर 10 से

डूंगला। राजस्थान क्रिकेट संघ के निर्देशानुसार जिला क्रिकेट संघ चित्तौड़गढ़ द्वारा 10 से 24 मई तक निःशुल्क ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।


महाराणा प्रताप पीजी कॉलेज स्थित क्रिकेट मैदान पर आयोजित शिविर में अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। जिला क्रिकेट संघ तदर्थ कार्यकारिणी के संयोजक श्यामसिंह चौहान ने बताया कि शिविर के सुचारू संचालन के लिए सुरेश चंद्र शर्मा को प्रभारी नियुक्त किया गया है। जीतेन्द्र विजय वर्गीय सह प्रभारी तथा कुलदीप बारेसा व्यवस्था प्रभारी रहेंगे। इच्छुक खिलाड़ी प्रभारियों से सीधे संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी कोच खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग की बारीकियां सिखाएंगे। शारीरिक और मानसिक विकास के लिए फिटनेस पर जोर देते हुए नियमित योगाभ्यास भी कराया जाएगा। शिविर का समय सुबह 7:30 बजे से 9.30 बजे तक तथा शाम 5:30 बजे से 7 बजे तक निर्धारित है। प्रशिक्षणार्थियों को स्वच्छ जल, रिफ्रेशमेंट, खेल सामग्री मिलेगी और समापन पर टी शर्ट व प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। श्याम सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे शिविर युवाओं को मोबाइल और निष्क्रिय दिनचर्या से दूर रखकर सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। खेल गतिविधियों से शारीरिक सौष्ठव मजबूत होने के साथ मानसिक संतुष्टि और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर जिले की उभरती प्रतिभाओं के लिए कौशल, फिटनेस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का सुनहरा मंच साबित होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें