डूंगला। डूंगला क्षेत्र के बड़वाई के प्रसिद्ध भजन गायक धनराज जोशी का शुक्रवार तड़के एक सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से उनके हजारों प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़वाई निवासी मेवाड़ और मारवाड़ में अपनी विशेष पहचान बनाने वाले भजन गायक पंडित धनराज जोशी कुंभलगढ़ के हल्दीघाटी क्षेत्र के सैमन गांव में भजन संध्या कर पुनः लौट रहे थे। इस दौरान सुबह करीब 5 बजे डबोक एयरपोर्ट से आगे उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार पलटने से पण्डित धनराज जोशी की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि उनका वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में दोनों को उदयपुर ले जाया गया जहां वाहन चालक का उपचार जारी है। पंडित धनराज जोशी ने अपनी गायकी से मेवाड़ और मारवाड़ में अपनी विशेष पहचान बनाई एवं वर्तमान में सोशल मीडिया पर उनके हजारों फॉलोअर्स हैं।









